ग्रामीणों ने मिनी स्टेडियम बनबाये जाने की मांग–रिपोर्ट–रानू पांडेय
मोंठ–मोंठ तहसील के ग्राम अमरा के ग्रामीणों ने गांव में बच्चों के खेलने के लिए मैदान न होने पर गहरी चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कोई सार्वजनिक खेल मैदान उपलब्ध नहीं है, जिससे बच्चों को खुले स्थान में खेलने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से भूमि उपलब्ध कराकर खेल मैदान या प्रस्तावित मिनी स्टेडियम का निर्माण कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने बताया कि आराजी संख्या 526 की भूमि पूर्व में खलिहान के रूप में दर्ज थी और उसी स्थान पर गांव के बच्चे खेलकूद गतिविधियां करते थे। लेकिन वर्तमान में उक्त भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो बच्चों के पास खेलने के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं बचेगा।गांव के लोगों ने यह भी बताया कि मिनी स्टेडियम का प्रस्ताव पहले से ही स्वीकृत है और खलिहान की उक्त भूमि उसके लिए पर्याप्त है। उनका कहना है कि यदि भूमि की विधिवत नपाई कराकर अतिक्रमण हटाया जाए तो वहां आसानी से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जा सकता है, जिससे गांव के युवाओं और बच्चों को खेल के बेहतर अवसर मिलेंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग द्वारा तत्काल भूमि की पैमाइश कराई जाए और कब्जा मुक्त कराकर विकास कार्य शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि खेल मैदान बनने से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होगा तथा गांव में सकारात्मक वातावरण बनेगा।इस मौके पर ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी,बंटी चौहान,कृष्णा चौरसिया,मानवेन्द्र राजपूत,मानसिंह,राजकुमार रायकवार,पुष्पेंद्र राजपूत,अजय राजपूत, प्रदुम पांचाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

